छत्तीसगढ़: सूरजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 3 की मौत, दर्जनभर घायल

छत्तीसगढ़: सूरजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 3 की मौत, दर्जनभर घायल

प्रेषित समय :16:06:56 PM / Wed, May 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए. यह हादसा मोहरसोप चौकी क्षेत्र के उमझर घाटी के पास हुआ.

जानकारी के अनुसार, बिहारपुर गांव के पंडो परिवार के लगभग 30 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर रसौकी गांव में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गए थे. देर रात लौटते समय उमझर घाट के पास वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप पलट गई. हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

इस दुर्घटना में सीता कुंवर पंडो और रामशरण पंडो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बसंती पंडो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अंबिकापुर और सूरजपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की जगह पर कच्ची सड़क और बारिश के कारण कीचड़ था, जिससे वाहन फिसलकर पलट गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि मालवाहक वाहनों में सवारी करने से बचें, क्योंकि नियमों की अनदेखी इस तरह की घटनाओं का बड़ा कारण बनती जा रही है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-