छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में नदी हादसा-नहाने गए दो मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में नदी हादसा-नहाने गए दो मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

प्रेषित समय :17:45:44 PM / Sat, May 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां नदी में नहाने गए 4 और 5 साल के दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना सामरी पथ थाना क्षेत्र के भुताही गांव की है. जानकारी के मुताबिक, तीन छोटे बच्चे नदी में नहाने गए थे. इनमें से दो बच्चे पानी में उतर गए, जबकि तीसरा बच्चा डर के कारण किनारे ही खड़ा रहा.

नहाते-नहाते दोनों मासूम गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे. यह मंजर देख तीसरा बच्चा घबरा गया और तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी. परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बच्चे नदी में लापता हो चुके थे.

मृत बच्चों की पहचान कुमारी कोरवा (4 वर्ष) और अमरजीत कोरवा (5 वर्ष) के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया. कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए.

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

इस हादसे के बाद भुताही गांव में मातम का माहौल है. मासूमों की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है और परिजनों के दुख में पूरा गांव शामिल है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-