नई दिल्ली. ईरान की राजधानी तेहरान के पास स्थित एक बड़े शॉपिंग सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह आग मंगलवार की रात को को तेहरान प्रांत के अंडीशे शहर में स्थित अरघवान शॉपिंग सेंटर में लगी. आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते उसने बहुमंजिला इमारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के समय शॉपिंग सेंटर में काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
धुएं के गुबार से दहला इलाका
राज्य टेलीविजन द्वारा जारी फुटेज में देखा गया कि इमारत से काले धुएं के बड़े-बड़े गुबार निकल रहे थे. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ां घंटों तक आग बुझाने में जुटी रहीं. दमकल कर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद लोगों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए इमारत से बाहर भागते नजर आए.
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है. ईरानी अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया है. शुरुआती रिपोर्ट्स में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
युद्ध से जुड़ा नहीं माना जा रहा मामला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे का मौजूदा क्षेत्रीय तनाव या किसी सैन्य गतिविधि से कोई संबंध सामने नहीं आया है. यह घटना ऐसे समय हुई है जब क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच पिछले कुछ हफ्तों से नाजुक संघर्ष विराम लागू है. फिलहाल प्रशासन ने इलाके को घेर लिया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है. मृतकों की पहचान करने और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

