जबलपुर का बरगी डेम हादसा, क्रूज के दोनों इंजन खराब थे, मार्च में ही दी गई थी जानकारी, फिर संचालन जारी रखा

जबलपुर का बरगी डेम हादसा, क्रूज के दोनों इंजन खराब थे, मार्च में ही दी गई थी जानकारी, फिर संचालन जारी रखा

प्रेषित समय :18:41:57 PM / Thu, May 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बरगी डेम में हुए क्रूज हादसे को लेकर फिर बड़ा खुलासा हुआ है. क्रूज के  दोनों इंजन पहले से खराब थे, जिसकी जानकारी मार्च माह में ही मैनेजर ने अधिकारियों को पत्र लिखकर दी थी. इसके बाद भी क्रूज का संचालन जारी रखा गया. मामले ने अब पर्यटन विभाग और जल परिवहन संचालन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हादसे के बाद प्रशासनिक और तकनीकी जांच तेज कर दी गई है.

खबर है कि जानकारी के अनुसार बरगी हादसे में डूबे क्रूज का संचालन मैकल रिसॉर्ट के माध्यम से किया जा रहा था. रिसॉर्ट प्रबंधन ने मार्च माह में एक पत्र लिखकर स्पष्ट किया था कि क्रूज के दोनों इंजन खराब हैं और संचालन में दिक्कत आ रही है. पत्र में इंजन बदलने और तकनीकी सुधार की आवश्यकता भी बताई गई थी. इसके बावजूद क्रूज का संचालन जारी रहा. अब सवाल उठ रहे हैं कि जब तकनीकी खराबी की जानकारी पहले से थी, तो संबंधित अधिकारियों ने इसे गंभीरता से क्यों नहीं लिया. जांच में यह भी सामने आया है कि क्रूज की बीमा पॉलिसी को लेकर भी कई विसंगतियां हैं. जानकारी के मुताबिक प्रीमियम समय पर जमा किया गया था, लेकिन पॉलिसी गलत तरीके से जारी हुई.

ऐसे में हादसे के बाद बीमा क्लेम और जिम्मेदारी तय करने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. सूत्रों के अनुसार पॉलिसी के दस्तावेजों में तकनीकी त्रुटियां होने की वजह से अब बीमा कंपनी भी पूरे मामले की अलग से जांच कर रही है. हादसे के बाद प्रशासन और पर्यटन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. तकनीकी विशेषज्ञों की टीम क्रूज की स्थिति, इंजन की खराबी और सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर रही है. वहीं पुलिस भी जिम्मेदार अधिकारियों और संचालन एजेंसी की भूमिका की जांच में जुटी है. इस पूरे घटनाक्रम ने पर्यटन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते तकनीकी खामी पर ध्यान दिया जाता और क्रूज संचालन रोका जाता, तो हादसे को टाला जा सकता था. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और प्रशासन ने दोषियों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-