जबलपुर। महाराष्ट्र के रत्नागिरी में आयोजित राष्ट्रीय फिटनेस एवं बॉडीबिल्डिंग स्पर्धा में जबलपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया। देशभर के दिग्गज बॉडीबिल्डर्स के बीच संभाग के खिलाड़ियों ने कई प्रतिष्ठित खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में मेजबान महाराष्ट्र सहित 15 राज्यों के करीब 275 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। दो दिन तक चली इस राष्ट्रीय स्पर्धा में भारत उदय, भारत किशोर, भारत कुमार, भारत केसरी, भारत श्री, मेंस फिजिक और क्लासिक फिजिक जैसे सात बड़े खिताबों के लिए मुकाबले हुए।
जिला शरीर सौष्ठव संघ के सचिव सचिन यादव ने बताया कि विभिन्न वर्गों में मध्य प्रदेश से 12 शरीर साधकों का चयन किया गया था, जिनमें जबलपुर के खिलाड़ियों ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पहले ही दिन जबलपुर के स्टार बॉडीबिल्डर आसिफ मूसा ने भारत उदय के प्रथम समूह में स्वर्ण पदक जीतकर मध्य प्रदेश को बड़ी सफलता दिलाई। वहीं करन कुमार ने भारत केसरी के द्वितीय समूह में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
स्पर्धा के दूसरे दिन चंद्रभान धुर्वे ने भारत किशोर तृतीय समूह में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच स्वर्ण पदक जीतकर जबलपुर की सफलता को और मजबूत किया। महाराष्ट्र और कर्नाटक के अनुभवी बॉडीबिल्डर्स को चुनौती देते हुए जबलपुर के खिलाड़ियों ने तीन बड़े राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किए। खिलाड़ियों के दमदार मसल्स प्रदर्शन और फिटनेस ने निर्णायकों को भी प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में जबलपुर के विकास कनोजिया ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए भारत केसरी के प्रथम वर्ग समूह में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। वहीं महेंद्र पटेल ने द्वितीय वर्ग समूह में चौथा स्थान प्राप्त किया। भारत केसरी वर्ग में अभिजीत गर्ग और अनूप दीवान के प्रदर्शन की भी सराहना हुई। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की केसरी-2 प्रतियोगिता में देवेंद्र तिवारी पांचवें स्थान पर रहे।
मध्य प्रदेश टीम के कोच शैलेन्द्र श्रीवास्तव और मैनेजर अमित सोनकर ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय स्पर्धा के संचालन में नेशनल रेफरी शकील अनवर, डॉ. राकेश तिवारी और सचिन यादव को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। खिलाड़ियों की इस सफलता से जबलपुर सहित पूरे मध्य प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

