रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव के दौरान हुई झड़प के बाद पुलिस ने NSUI कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात कार्यकर्ताओं पर शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय कर्मचारियों पर हमला और अन्य धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार को NSUI ने राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव कार्यक्रम आयोजित किया था। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बूढ़ापारा से रैली निकालकर सीएम हाउस की ओर कूच किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई।
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया, जिसमें करीब 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल जवानों में मोहन ध्रुव, माडवी बुधरा, रमेश कुडियाम, जैनेन्द्र कुमार नाग, भोलेन्द्र ठाकुर, सोमा मडकाम, रामसिंह कवाची, उन्दाम राजू, अनिल भारती और सोयम मुकेश शामिल हैं।
कार्यक्रम में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी मौजूद थे। इसके अलावा कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर एजाज ढेबर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा सहित कई कांग्रेस और NSUI नेता शामिल हुए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वीडियो फुटेज के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

