जबलपुर : बिना टिकट यात्रियों पर कसा शिकंजा, पकड़े गए 67.70 हजार से अधिक रेल यात्री, 520.51 लाख रुपये का जुर्माना

जबलपुर : बिना टिकट यात्रियों पर कसा शिकंजा, पकड़े गए 67.70 हजार से अधिक रेल यात्री, 520.51 लाख रुपये का जुर्माना

प्रेषित समय :19:28:29 PM / Mon, May 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल द्वारा यात्री गाडिय़ों में संचालित सघन टिकट जांच अभियान के उत्कृष्ट परिणाम सामने आए हैं. चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के एक माह (1 अप्रैल से 30 अप्रैल) के दौरान वाणिज्य विभाग की टीम ने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त करते हुए कुल 67.70 हजार से अधिक अनियमित/बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा, जिनसे कुल 520.51 लाख रुपये का राजस्व रेलवे को प्राप्त हुआ.

मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के प्रभावी मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के नेतृत्व में टिकट चेकिंग स्टाफ एवं वाणिज्य विभाग की टीम द्वारा मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं यात्री गाडिय़ों में निरंतर और लक्षित जाँच अभियान चलाए गए. इन अभियानों में यात्री सुरक्षा, राजस्व संरक्षण तथा अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.

मुख्य उपलब्धियाँ (1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक)

1. बिना टिकट यात्रा
पकड़े गए मामले : 34.86 हजार 
प्राप्त राजस्व 314.51 लाख रुपये 
2. अनुचित टिकट / निम्न श्रेणी टिकट पर उच्च श्रेणी में यात्रा
पकड़े गए मामले : 32.11 हजार 
प्राप्त राजस्व : 204.68 लाख रुपये
3. बिना बुक कराए अतिरिक्त सामान (ओवरलोडेड लगेज)
पकड़े गए मामले : 0.73 हजार 
प्राप्त राजस्व : 1.32 लाख रुपये 

रेल प्रशासन ने की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि  यात्रा से पूर्व मान्य टिकट अवश्य खरीदें. ई-टिकट प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) पर यात्रा करना वैध नहीं है. स्टेशन परिसर व प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए यात्रा टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट अनिवार्य है. अधिक भार के साथ यात्रा करने पर लगेज बुक कराना आवश्यक है. उचित टिकट लेकर यात्रा करने से ना केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि रेलवे की सेवाओं को सुचारु रखने में भी सहयोग मिलता है.

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी मंडल में टिकट जाँच हेतु विशेष अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और अनियमित यात्रा पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-