जबलपुर। एमपी के जबलपुर में कुण्डम स्थित महानदी पुल के पास श्रमिकों को लेकर डिंडौरी जा रहा लोडिंग पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे पिकअप में सवार वृद्ध राजसजीवन ठाकुर की मौत हो गई। वहीं पांच श्रमिकों को चोटें आई हैं। दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन के नीचे दबे लोगों को निकालकर कुण्डम के अस्पताल पहुंंचाया। जहां पर घायलों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि गोराबाजार क्षेत्र में रहने वाले रामसजीवन ठाकुर उम्र 68 वर्ष गोराबाजार से पिकअप वाहन में बैठकर देर रात दो बजे के लगभग अन्य श्रमिकों के साथ डिंडौरी जाने के लिए निकले। पिकअप वाहन महानदी पुल से आगे बढ़ रहा था, इस दौरान चालक अपना संतुलन खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन पलटने से उसके नीचे दबने से रामसजीवन की मौत हो गई। वहीं अन्य पांच श्रमिकों के शरीर पर गंभीर चोटें आई। दुर्घटना होते देख राह चलते वाहन चालक रुक गए, खबर मिलते ही ठेकेदार भी आ गया, जिसने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को कुण्डम अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने रामसजीवन को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, वहीं अन्य घायलों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।
जबलपुर के कुण्डम में बड़ा हादसा, महानदी पुल पर अनियंत्रित होकर गिरा पिकअप वाहन, एक की मौत, 5 घायल
प्रेषित समय :18:33:02 PM / Mon, May 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर





