अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पमरे का विदिशा रेलवे स्टेशन बना आधुनिकता का नया प्रतीक

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पमरे का विदिशा रेलवे स्टेशन बना आधुनिकता का नया प्रतीक

प्रेषित समय :19:17:35 PM / Wed, May 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखने वाला विदिशा रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है. पश्चिम मध्य रेल के अंतर्गत आने वाला विदिशा स्टेशन यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्टेशन है. यह स्टेशन विभिन्न प्रमुख शहरों से रेल संपर्क द्वारा जुड़ा हुआ है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां से आवागमन करते हैं.

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विदिशा रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण एवं उन्नयन कार्य लगभग 29.46 करोड़ रुपये की लागत से किया गया हैं. योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक, सुविधायुक्त एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने हेतु विभिन्न विकास कार्य किये गये हैं.

योजना के अंतर्गत स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है. प्लेटफार्म क्रमांक 1, 2, 3 एवं 4 पर कवर ओवर शेड की व्यवस्था विकसित की गयी है तथा सभी प्लेटफॉर्मों पर शेड विस्तार का कार्य भी किया गया है. स्टेशन के अग्रभाग एवं आंतरिक हिस्सों का उन्नयन कर उन्हें आधुनिक स्वरूप दिया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालयों एवं शौचालयों का नवीनीकरण भी किया गया है.

इसके अतिरिक्त स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार का विकास कार्य भी किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल रही है. स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ाई वाले नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य किया गया है. साथ ही नए स्टेशन भवन का निर्माण भी किया गया है, जिससे स्टेशन की संरचना अधिक आधुनिक एवं सुविधाजनक हुई है.

दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए स्टेशन को दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है, जिसके अंतर्गत रैंप, टैक्टाइल पाथ एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं. साथ ही सुरक्षित आवागमन हेतु स्टेशन परिसर में बेहतर प्रकाश की व्यवस्था की गई है. वर्तमान में विदिशा स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया गया है. यह स्टेशन न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, साथ ही क्षेत्रीय पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-