जबलपुर: पाण्डुताल मैदान में नवोदित हॉकी खिलाडिय़ों को खेल के साथ इतिहास की दी जा रही जानकारी

जबलपुर: पाण्डुताल मैदान में नवोदित हॉकी खिलाडिय़ों को खेल के साथ इतिहास की दी जा रही जानकारी

प्रेषित समय :17:28:58 PM / Wed, May 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में पाण्डुताल मैदान में आयोजित ग्रीष्मकालीन हॉकी प्रशिक्षण में नवोदित हाकी खिलाड़ी खेल की बारीकियों के साथ विश्व, देश व जबलपुर नगर के हॉकी इतिहास की जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं. वर्तमान में हॉकी प्रशिक्षण शिविर सुबह के सत्र में पूरे उत्साह के साथ संचालित हो रहा है. केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के पाण्डुताल मैदान की हॉकी नर्सरी की विशिष्ट पहचान नगर में कायम हो चुकी है. इस बार के ग्रीष्मकालीन हॉकी प्रशिक्षण में लड़कियों ने भी विशेष रूचि दिखाई है.

प्रशिक्षण शिविर में प्रात: 6.00 से 8.30 बजे तक 20  नवोदित हॉकी खिलाडिय़ों के साथ नियमित खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. शिविर में छह लड़कियों ने भी उत्साह से अपनी सहभागिता दिखाई है. शिविर में प्रशिक्षणार्थियों को भारतीय व यूरोपीय हॉकी शैली में समन्वय स्थापित कर तकनीकी रूप से ड्रिबलिंग, हिट, पुश, सही स्टापिंग का अभ्यास कराया जा रहा है.

वहीं शारीरिक व्यायाम एवं लाइट वेट लिफ्टिंग के माध्यम से उन्हें फिट किया जा रहा है. शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के उद्देश्य से प्रविष्ट हुई लड़कियों का कहना है कि महिला हॉकी में नगर की अविनाश सिद्धू और मधु यादव सहित अन्य कई महिला हॉकी खिलाडिय़ों के योगदान व उनकी प्रसिद्धि को देख कर उन्होंने भी हॉकी में अपनी संभावनाएं देखी हैं.

प्रशिक्षण शिविर में विशेष रूप से अनुशासन एवं खेल नियम के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी प्रदान की जा रही है. शिविर के संचालन में हॉकी प्रभारी संजय केने व शकील आफरीदी सहित अन्य वरिष्ठ खिलाडिय़ों का सहयोग प्राप्त हो रहा है.

उल्लेखनीय है कि पाण्डुताल मैदान से पिछले वर्षों में प्रशिक्षण प्राप्त हॉकी खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय शॉलेय, राष्ट्रीय सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर हॉकी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व कर नाम कमाया है. केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव फिरेाज कुमार मेश्राम ने शिविर का निरीक्षण कर सभी प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों का उत्साहवर्द्धन कर प्रोत्साहित किया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-