जबलपुर में 7 साल बाद जेडीए को मिला अध्यक्ष, संदीप जैन ने संभाली कमान, कहा- शहर का विकास होगी पहली प्राथमिकता

जबलपुर में 7 साल बाद जेडीए को मिला अध्यक्ष, संदीप जैन ने संभाली कमान, कहा- शहर का विकास होगी पहली प्राथमिकता

प्रेषित समय :15:26:52 PM / Thu, May 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) को आखिरकार सात साल बाद नया अध्यक्ष मिल गया. आज संदीप जैन जेडीए के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया. इससे पहले अगस्त 2015 में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष विनोद मिश्रा ने यह जिम्मेदारी संभाली थी, जिनका कार्यकाल 2018 में खत्म हो गया था. तब से यह पद खाली पड़ा था.

जबलपुर के सिविक सेंटर स्थित जेडीए कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, सांसद आशीष दुबे समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए. वर्ष 2018 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने और बाद में भाजपा सरकार आने के बावजूद जेडीए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो सकी थी.

लंबे समय तक पद खाली रहने से कई विकास योजनाएं प्रभावित रहीं और कई प्रोजेक्ट फाइलों तक सीमित होकर रह गए. पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए संदीप जैन ने कहा कि शहर का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में जबलपुर तेजी से बदल रहा है और अब जेडीए भी जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि शहर की जरूरतों के मुताबिक विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा. समारोह में विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, अजय विश्नोई, महापौर जगत बहादुर अन्नू, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष विनोद गोटिया और भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर भी उपस्थित रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-