जबलपुर. सेंट्रल रेलवे के पुणे रेल मंडल में दौंड-मनमाड रेल लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है. इस वजह से 16 से 18 मई तक नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा. इस काम का असर पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर व इटारसी स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनों पर पड़ेगा, जिनमें से कुछ को रद्द कर दिया गया है और कुछ के रास्ते बदल दिए गए हैं.
रेलवे के मुताबिक 16 से 18 मई के बीच कुल आठ ट्रेनें नहीं चलेंगी. इनमें जबलपुर-पुणे स्पेशल, पुणे-गोरखपुर स्पेशल, गोरखपुर-हडपसर स्पेशल, पुणे-दानापुर स्पेशल, दानापुर-हडपसर स्पेशल, झांसी-हडपसर स्पेशल जैसी गाडिय़ां शामिल हैं.
रूट में बदलाव और नए स्टॉपेज
काम की वजह से कई बड़ी ट्रेनों को उनके पुराने रास्ते के बजाय दूसरे रास्तों से चलाया जाएगा. इनमें हजरत निजामुद्दीन-यशवंतपुर, बेंगलुरु-नई दिल्ली और जम्मूतवी-पुणे एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं. ये ट्रेनें अब मनमाड, नाशिक, कल्याण और पनवेल के रास्ते होकर निकलेंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए हडपसर-बनारस एक्सप्रेस को पनवेल और नासिक जैसे स्टेशनों पर रुकने की व्यवस्था भी की गई है.
रेलवे ने यात्रियों को दी ये सलाह
रेल प्रशासन ने कहा है कि रास्ते बदलने की वजह से कुछ स्टेशनों पर ट्रेनों के पुराने स्टॉपेज छूट सकते हैं. ऐसे में यात्री घर से निकलने से पहले रेलवे की पूछताछ सेवा या मोबाइल ऐप के जरिए अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर चेक कर लें. रेलवे का कहना है कि भविष्य में सफर को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए यह काम जरूरी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

