भ्रष्टाचार पर ईओडब्ल्यू रीवा की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया ग्राम सचिव

भ्रष्टाचार पर ईओडब्ल्यू रीवा की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया ग्राम सचिव

प्रेषित समय :21:14:44 PM / Thu, May 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रीवा। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत बलमगढ़, जनपद पंचायत हनुमना, जिला मऊगंज के ग्राम सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राम सचिव शरदचंद्र गिरी को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया। इस कार्रवाई के बाद पंचायत और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी ग्राम सचिव पंचायत में हुए निर्माण कार्यों के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। फरियादी प्रकाश यादव, जो ग्राम पंचायत बलमगढ़ के सरपंच पति बताए गए हैं, ने EOW रीवा से शिकायत की थी कि पंचायत में पुलिया निर्माण और पीसीसी रोड निर्माण कार्य का भुगतान निकालने के लिए आवेदन किया गया था। लेकिन भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए ग्राम सचिव द्वारा पहले डीएससी सिग्नेचर और ओटीपी जनरेट करने की बात कही गई और इसके बदले एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई।

फरियादी ने शिकायत में बताया कि आरोपी सचिव लगातार भुगतान रोककर दबाव बना रहा था और बिना रिश्वत लिए भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने को तैयार नहीं था। शिकायत मिलने के बाद EOW रीवा ने मामले की प्राथमिक जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। योजना के तहत रिश्वत की पहली किश्त के रूप में दस हजार रुपये देने का तय किया गया।

गुरुवार 14 मई 2026 को जैसे ही फरियादी ने आरोपी ग्राम सचिव शरदचंद्र गिरी को रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से तैनात EOW टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई इतनी गोपनीय और सुनियोजित थी कि आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद कर ली गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

EOW अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से भुगतान प्रक्रिया में अड़ंगा लगाकर अवैध वसूली कर रहा था। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पंचायत क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और आम लोगों ने EOW की कार्रवाई की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं, लेकिन इस तरह की कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों में डर पैदा होगा।पूरी कार्रवाई में EOW रीवा की टीम की अहम भूमिका रही। कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक किरण किरो ने किया। 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-