मंडला से जबलपुर लाकर अनाथ युवती को प्रेमजाल में फंसाकर देह शोषण, आरोपी युवक गिरफ्तार

मंडला से जबलपुर लाकर अनाथ युवती को प्रेमजाल में फंसाकर देह शोषण, आरोपी युवक गिरफ्तार

प्रेषित समय :16:56:36 PM / Fri, May 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद युवती के शोषण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी एक विवाहित युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपित ने मंडला की रहने वाली 18 वर्षीय अनाथ युवती को झांसे में लेकर जबलपुर के एक लॉज और किराए के मकान में गलत काम किया.
पीड़िता के माता-पिता का पूर्व में निधन हो चुका है. करीब एक माह पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान कौशलेंद्र प्रताप सिंह से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वे वीडियो कॉल पर भी बात करने लगे. आरोपित ने शुरुआत में खुद को जबलपुर की पीएनबी कॉलोनी का निवासी बताया था.

शादी का झांसा देकर मंडला से जबलपुर लाया था

आरोपित कौशलेंद्र 15 अप्रैल को कार लेकर मंडला पहुंचा और युवती को अपने साथ जबलपुर ले आया. वह उसे माढ़ोताल स्थित ज्योति लॉज लेकर गया, जहाँ उसने युवती की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ गलत काम किया. इसके बाद शादी का झूठा भरोसा दिलाकर 17 अप्रैल को उसे वापस मंडला छोड़ आया. घटना में नया मोड़ तब आया जब 4 मई को युवती अपने एक रिश्तेदार के घर जबलपुर आई. आरोपित ने फिर से उस पर मिलने का दबाव बनाया. जब युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपित ने इंटरनेट कॉल के जरिए उसे धमकी दी कि यदि वह नहीं मिली, तो वह उसकी मौसी की हत्या कर देगा. डर के कारण युवती बस से उतरकर आरोपित के किराए के घर पहुंची, जहां उसके साथ दोबारा दुराचार किया गया.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत पर माढ़ोताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार 14 मई की देर रात आरोपित कौशलेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित पहले से शादीशुदा है और जबलपुर में किराए के मकान में रह रहा था. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-