जबलपुर. एमपी के जबलपुर में खमरिया स्थित कालीबाड़ी मंदिर में महिला द्वारा डेरा डालने से अब क्षेत्रीय लोगों में आक्र ोश व्याप्त है. मंदिर के पट बंद होने के बाद भी महिला यहां से हटने के लिए तैयार नही है, जिसके चलते मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी खमरिया थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारी से शिकायत करते हुए कार्यवाही की मांग की.
प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि उक्त महिला लंबे समय से मंदिर के रोजमर्रा के संचालन और व्यवस्थाओं में बाधा उत्पन्न कर रही है. मंदिर समिति के सचिव और एआईडीएफ के नेता अर्नाब दास गुप्ता ने जानकारी दी कि मनीषा बर्मन नाम की यह महिला बीते फरवरी महीने से ही कालीबाड़ी खमरिया परिसर में आकर अभद्रता कर रही है. उनके अनुसार, महिला मंदिर के सुचारू संचालन में रुकावट डालने के साथ-साथ वहां जुड़े अन्य लोगों को भी परेशान करने के लिए झूठे आरोप लगाकर शिकायतें करती है.
सचिव के मुताबिक, मंदिर के खुलने और बंद होने का समय पूरी तरह निर्धारित है, लेकिन इसके बावजूद महिला रात में मंदिर बंद होने के बाद भी परिसर के भीतर ही बैठी रहती है. चूंकि यह पूरा क्षेत्र आयुध निर्माणी खमरिया के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए इस संबंध में पूर्व में सुरक्षा अधिकारी को भी कई बार शिकायतें भेजी जा चुकी हैं, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. मंदिर समिति ने चिंता जताई है कि सुनसान इलाके में रात के समय यदि महिला के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसका पूरा दोष प्रबंधन पर आएगा. इसी डर के कारण अब मामले की लिखित शिकायत खमरिया थाना पुलिस को दी गई है. इस विषय में पूर्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी एक शिकायत पत्र सौंपा जा चुका है.

