शिक्षा अधिकारी को 1 लाख की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने किया गिरफ्तार, सर्टिफिकेट के बदले मांगी 17 लाख की घूस

शिक्षा अधिकारी को 1 लाख की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने किया गिरफ्तार, सर्टिफिकेट के बदले मांगी 17 लाख की घूस

प्रेषित समय :18:40:14 PM / Mon, May 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

धार. मध्य प्रदेश के धार जिले के शिक्षा विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब समग्र शिक्षा केन्द्र के जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप कुमार खरे को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने 1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर लिया. आरोपी पर निर्माणाधीन शौचालयों के कार्य पूर्ण प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के एवज में करीब 17 लाख रिश्वत मांगने का आरोप है.

लोकायुक्त इंदौर से मिली जानकारी के अनुसार आवेदक दिलीप साधव, प्रभारी सहायक यंत्री, जिला शिक्षा केन्द्र धार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालय परिसरों में 122 शौचालयों के निर्माण के लिए लगभग 3.42 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है. इन निर्माण कार्यों की निगरानी आवेदक द्वारा की जा रही थी.
शिकायत में बताया गया कि जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप कुमार खरे द्वारा कार्य पूर्ण होने से पहले ही पूर्णता प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के बदले 5 प्रतिशत कमीशन के रूप में 17 लाख रिश्वत की मांग की जा रही थी. मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से की गई. सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद रविवार 18 मई 2026 को ट्रैप दल का गठन किया गया.

1 लाख की पहली किश्त लेते हुए दबोचा

लोकायुक्त टीम ने आरोपी प्रदीप कुमार खरे को रिश्वत की पहली किश्त 1 लाख लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत कार्रवाई जारी है. कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया, कार्यवाहक प्रआर आशीष शुक्ला, आरक्षक विजय कुमार, कमलेश परिहार, मनीष माथुर, श्रीकृष्ण अहिरवार एवं प्रभात मोरे शामिल रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-