जबलपुर में सगी बहनों को आवारा कुत्ते ने नोचा, मां ने एक बेटी को बचाया तो दूसरी को मुंह में दबा लिया

जबलपुर में सगी बहनों को आवारा कुत्ते ने नोचा, मां ने एक बेटी को बचाया तो दूसरी को मुंह में दबा लिया

प्रेषित समय :15:12:35 PM / Tue, May 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पाटन स्थित आगासौद गांव में आवारा कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे बुरी तरह नोच डाला. जब बच्ची की मां उसे बचाने पहुंची और कुत्ते को भगाने का प्रयास किया. तो वह घर के अंदर घुस गया और वहां जमीन पर सो रही छह माह की बच्ची को जबड़े में दबोचकर ले जाने की कोशिश की.

यह देख मां ने जोर-जोर से शोर मचाया, आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया. घटना में दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए पाटन स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों बच्चियों को जबलपुर रेफर कर दिया गया. फिलहाल दोनों मासूमों का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.

ग्रामीणों ने आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है. आगासोद की सुलोचना भवेदी पति नरेश और दो बच्चियों के साथ रहकर मजदूरी करती हैं. दो दिन पहले पति काम से बाहर गए थेए घर पर सुलोचना दो बच्चियों के साथ थी. गांव के ही एक किसान ने खेत में बना मकान उन्हें रहने को दिया था. सुलोचना घर के अंदर काम कर रही थी बाहर तीन साल की प्राची खेल रही थी तभी एक कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया. चीख सुनकर मां बाहर निकली और लाठी लेकर उसे भगाया.

मां ने जैसे-तैसे बड़ी बेटी को चंगुल से छुड़ाया पर तब तक कुत्ता प्राची के चेहरे व शरीर को बुरी तरह से नोच चुका था. इसके बाद कुत्ता प्राची को छोड़कर घर के अंदर घुस गया, जहां छह माह की बच्ची सो रही थी. उस पर हमला करते हुए जबड़े में दबोच लिया. मां की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग आ चुके थे. उन्होंने छोटी बच्ची को कुत्ते से छुड़ाया. दोनों ही बच्ची के शरीर में गहरे घाव आए हैं. सुलोचना का कहना है कि क्षेत्रीय नागरिकों ने दोनों ही बेटियों निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है. डॉक्टर ने सर्जरी के लिए बोला हैए क्योंकि चेहरे में गंभीर चोट हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-