Karan Kundrra और Tejasswi Prakash की चर्चित लव स्टोरी ने आखिरकार नया मोड़ ले लिया है। टीवी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल्स में शामिल “तेजरन” ने अपने फैंस को वह पल दे दिया जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। नेटफ्लिक्स के नए रियलिटी शो Desi Bling में करण कुंद्रा ने बेहद भव्य और भावुक अंदाज में तेजस्वी प्रकाश को शादी के लिए प्रपोज किया। इस रोमांटिक मोमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
यह खास प्रपोजल नेटफ्लिक्स पर 20 मई को रिलीज हुए “देसी ब्लिंग” शो के दौरान देखने को मिला। यह शो दुबई ब्लिंग का भारतीय संस्करण है, जिसमें लग्जरी लाइफस्टाइल, ग्लैमर और हाई-प्रोफाइल सोशल सर्कल को दिखाया गया है। करण कुंद्रा ने इस मौके को बेहद खास बनाने के लिए पूरी तैयारी की थी और शो की पूरी स्टारकास्ट ने भी उनका साथ दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सरप्राइज प्रपोजल की प्लानिंग काफी समय से चल रही थी। कार्यक्रम में बिजनेस टायकून और सोशलाइट्स रिजवान साजन, सतीश सनपाल, सना साजन, तबिंदा सनपाल, पामेला सेरेना, द्युति पर्रुक, इरिना किनाख, अलीजे मिर्जा, लैला मिर्जा और जानवी गौर सहित कई चर्चित चेहरे मौजूद थे। पूरे वेन्यू को बेहद शानदार तरीके से सजाया गया था और पानी के बीच रोशनी से “Will You Marry Me?” लिखा हुआ दिखाई दे रहा था।
जैसे ही तेजस्वी प्रकाश वहां पहुंचीं, वह पूरी तरह हैरान रह गईं। कुछ ही सेकंड बाद करण कुंद्रा उनके सामने घुटनों पर बैठ गए और पंजाबी अंदाज में उनसे शादी के लिए पूछा। यह दृश्य देखते ही तेजस्वी भावुक हो गईं और खुद को संभाल नहीं पाईं। उन्होंने कांपती आवाज में कहा, “मैं शॉक में हूं… मेरे हाथ रुक ही नहीं रहे।”
इस दौरान तेजस्वी ने अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जब दोनों पहली बार साथ आए थे तब लोगों ने उनके रिश्ते को फेक बताया था। कई लोगों ने कहा था कि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा। तेजस्वी ने भावुक होते हुए कहा, “जब हम मिले थे तब बहुत कुछ हुआ था। बाहर आने के बाद लोगों ने कहा था कि ये दो हफ्ते भी साथ नहीं रहेंगे। किसी ने मुझे फेक कहा, किसी ने तुम्हें फेक कहा। लेकिन चार साल में हमने सब कुछ देखा और हर मुश्किल साथ में झेली।”
इसके बाद करण कुंद्रा ने भी बेहद इमोशनल स्पीच दी, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। करण ने कहा कि तेजस्वी ने उनकी जिंदगी और प्यार को देखने का नजरिया बदल दिया। उन्होंने कहा, “‘Imperfectly perfect love story’ यह टर्म तुमने ही दी थी। हर साल जो मैंने तुम्हारे साथ बिताया, उसने मेरे लिए प्यार का मतलब बदल दिया। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं किसी से इतना प्यार करूंगा या कमिटमेंट करूंगा। तुमने मेरे अंदर उस इंसान को बाहर निकाला, जो कह सके कि यही मेरा हमेशा का रिश्ता है।”
करण की बातें सुनते ही तेजस्वी की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। वहीं वहां मौजूद लोग तालियां बजाकर इस खास पल का जश्न मनाते नजर आए। सोशल मीडिया पर जैसे ही इस प्रपोजल के वीडियो सामने आए, फैंस ने उन्हें तेजी से वायरल कर दिया। “तेजरन” फैंस लगातार वीडियो क्लिप्स, एडिट्स और बधाई संदेश शेयर कर रहे हैं।
Karan Kundrra और Tejasswi Prakash की जोड़ी Bigg Boss के दौरान करीब आई थी और तभी से दोनों की केमिस्ट्री दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही है। पिछले चार वर्षों में दोनों ने कई बार अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की, लेकिन शादी को लेकर कभी आधिकारिक घोषणा नहीं की थी। अब इस प्रपोजल के बाद फैंस को दोनों की जल्द सगाई और शादी का इंतजार है।
सोशल मीडिया पर इस मोमेंट को “साल का सबसे रोमांटिक टीवी प्रपोजल” बताया जा रहा है। फैंस का कहना है कि करण और तेजस्वी ने साबित कर दिया कि सच्चा रिश्ता हर मुश्किल और आलोचना के बावजूद मजबूत रह सकता है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

