इंदौर. एमपी के इंदौर शहर के खजराना थाना क्षेत्र में मौजूद एक सात मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. जहां सात मंजिला बिल्डिंग में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया. वहीं बिल्डिंग के अंदर फंसे लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया.
इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में मौजूद महिदपुर वाला फर्नीचर की सात मंजिला बिल्डिंग में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई. नीचे फ्लोर पर रखा हुआ फर्नीचर भी जलने लगा और आग ने भयानक रूप ले लिया. आग की लपटों को देखते हुए तुरंत मामले की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. जब दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो उस दौरान बिल्डिंग में करीब 6 से 7 लोग फंसे भी थे.
फायर टीम ने सबसे पहले लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद पाइप के माध्यम से और पास की बिल्डिंग के जरिए पानी की बौछारें छोड़ी, जिससे आग की घटना पर काबू पाया जा सका. इस तरह करीब 2 से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया.
वहीं मामले में एसीपी कुंदन मंडलोई ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे रेडिशन चौराहे के पास महिदपुरवाला फर्नीचर शोरूम में आग लगने की जानकारी मिली थी. पूरी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पानी और दूसरे साधनों से आग बुझाने के प्रयास किए. इस बिल्डिंग में फर्नीचर का काम होता है, जिससे आग लगने पर और तेजी पकड़ ली. बिल्डिंग के सेकंड फ्लोर पर आग लगी थी, जहां फर्नीचर का सामान रखा हुआ था. फिलहाल स्थिति काबू में है, वहीं नुकसान का आंकलन अभी नहीं हुआ है. आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है. गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है. मामले की जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

