जबलपुर रेल मंडल ने माल राजस्व अर्जन में बनाया नया कीर्तिमान, 1 माह में 341 करोड़ रुपये से अधिक की हुई कमाई

जबलपुर रेल मंडल ने माल राजस्व अर्जन में बनाया नया कीर्तिमान, 1 माह में 341 करोड़ रुपये से अधिक की हुई कमाई

प्रेषित समय :18:28:39 PM / Thu, May 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत जबलपुर रेल मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम माह के दौरान माल लदान एवं माल ढुलाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में सर्वाधिक वाणिज्यिक आय अर्जित करने वाला मंडल बनने का गौरव प्राप्त किया है.

मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आपसी समन्वय, सतत प्रयास एवं योजनाबद्ध कार्यप्रणाली अपनाते हुए रेल राजस्व में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है. इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम स्वरूप चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम माह (01 अप्रैल से 30 अप्रैल) के दौरान जबलपुर रेल मंडल द्वारा कुल 3.42 मिलियन टन माल लदान किया गया, जिससे मंडल को 341 करोड़ 90 लाख रुपये का रिकॉर्ड रेल राजस्व प्राप्त हुआ है.

जबलपुर रेल मंडल द्वारा मंडल के सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में निरंतर विस्तार के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की माल ढुलाई हेतु व्यापारियों एवं औद्योगिक इकाइयों को शिकायत रहित, समयबद्ध एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है. माल परिवहन के क्षेत्र में ग्राहक संतुष्टि, परिचालन दक्षता एवं बेहतर लॉजिस्टिक समाधान उपलब्ध कराते हुए मंडल रेल राजस्व बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. माल ढुलाई से प्राप्त यह उल्लेखनीय उपलब्धि जबलपुर रेल मंडल की कार्यकुशलता, दूरदर्शी नेतृत्व एवं उत्कृष्ट टीमवर्क का सशक्त उदाहरण है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-