जबलपुर: डीआरएम आफिस की महिला स्टाफ असहज, हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे से साहब रखते हैं निगरानी

जबलपुर: डीआरएम आफिस की महिला स्टाफ असहज, हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे से साहब रखते हैं निगरानी

प्रेषित समय :17:41:48 PM / Fri, May 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) विभाग की चर्चाएं इन दिनों पूरे कार्यालय परिसर में जमकर चल रही है. दरअसल यहां पर कुछ माह पहले ही पदस्थ हुए साहब अपने कार्यालय के स्टाफ पर निगरानी के लिए हॉल में कई अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाये हैं और उसका एक्सेस अपने पास रखकर अपने ही कक्ष में लगी टीवी से निगरानी रख रहे हैं. इससे यहां पर पदस्थ स्टाफ, खासकर महिला कर्मचारी अपने आप को काफी असहज महसूस कर रही हैं.

बताया जाता है कि नये सीनियर डीएसटीई ने इसी वर्ष के शुरुआत में कार्यभार संभाला है. उनके संभालने के कुछ समय बाद से वे अपने स्टाफ की जासूसी करना या कहें आफिस में बैठकर क्या कर रहे हैं, पल-पल की घटनाओं पर नजर रखने का निर्णय लिया. जिसके तहत सबसे पहले स्टाफ के कक्षों (हॉल) में शक्तिशाली कैमरे लगवाये.

अपने कक्ष में लगी टीवी से स्टाफ पर रख रहे निगरानी

साहब ने सीसीटीवी लगवाने के बाद सीसीटीवी का एक्सेस अपने पास रखते हुए कमरे से ही एक-एक स्टाफ की रूटीन पर नजर रख रहे हैं. लोगों का तो ये कहना है कि सीडीएसटीई जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे अधिकारी, जब कर्मचारियों की रूटीन पर नजर रखेंगे तो स्टाफ निश्चिंत होकर कैसे काम करेगा. खासकर महिला स्टाफ ज्यादा परेशान हैं, उन्हें काम के दौरान हर समय यही आभास होता रहता है कि साहब अपने कक्ष से उन्हें ही देख रहे हैं. कुछ लोगों का कहना था कि यदि सीसीटीवी लगाना इतना ही ज्यादा जरूरी था तो उसका एक्सेस साहब अपने कक्ष में क्यों रखे हैं, उसे बाहर हाल में ही एक रूम बनाकर वहां टीवी लगाना था. चर्चा तो इस बात की भी जोरों पर है कि साहब की शिकायत, डीआरएम, जीएम के साथ-साथ महिला आयोग से भी की जा सकती है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-