जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित राइट टाउन क्षेत्र में रहने वाले अनूप गिर्दोनिया को कार रेंटल का कारोबार करने का कहकर गोटेगांव में रहने वाले तीन रिश्तेदारों ने 20 लाख रुपए हड़प लिए. इसके बाद तीनों रिश्तेदारों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए. रुपए डूबने पर अनूप ने थाना पहुंचकर शिकायत की, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि राइट टाउन निवासी अनूप गिर्दोनिया ने लिखित शिकायत की कि गोटेगांव निवासी अमिष तिवारी, आयुष तिवारी और तन्यय तिवारी ने उसके पास आकर कार रेंटल व्यवसाय में निवेश करने का प्रस्ताव दिया. उपरोक्त के साथ निकट पारिवारिक संबंध होने के कारण उसने उन पर पूर्ण विश्वास किया. जनवरी 2025 से मई 2025 के बीच 20,00,000 विभिन्न किश्तों में उनके बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर एवं कैश के माध्यम से दिए. प्रारंभ में सभी ने उसे आश्वासन दिया लेकिन बाद में उन्होंने अपने वादे के अनुसार कोई नियमित भुगतान नहीं किया. कई बार दबाव डालने पर लगभग 6 लाख रूपए वापिस किये. 5 लाख रूपए का चेक दिया.
बकाया राशि चुकाने का आश्वाशन दिया जाता रहा, जिसका भुगतान उसे आज तक प्राप्त नहीं हुआ. 1 फरवरी 2026 से सभी ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और फरार हो गए. पीडि़त ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई किंतु आज तक उनका कोई पता नहीं चल पाया. इससे स्पष्ट हो रहा है कि सभी ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत उसे धोखे में रखकर उससे राशि हडप ली. अनूप का कहना था कि तीनों आरोपी गाडी मालिकों से महंगी गाडिय़ों के अच्छे किराये का वादा कर गाडी प्राप्त करते थे. उन गाडिय़ों को अन्य लोगों के पास अवैध रूप से गिरवी रख देते थे. आरोपी आयुष तिवारी के विरुद्ध भोपाल (थाना कमला नेहरु नगर) में भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की जानकारी प्राप्त हुई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

