जबलपुर होकर चलने वाली अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस के समय में बदलाव, 28 मई से लागू होगा

जबलपुर होकर चलने वाली अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस के समय में बदलाव, 28 मई से लागू होगा

प्रेषित समय :18:58:56 PM / Sun, May 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है. सेंट्रल रेलवे ने ट्रेन संख्या 11032 अलीपुरद्वार जंक्शन–पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस के समय में बदलाव करने की घोषणा की है. इस साप्ताहिक ट्रेन का नया टाइम टेबल गुरुवार, 28 मई से लागू होने जा रहा है. रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले नए समय की जांच अवश्य कर लें.

ये है नया समय

संशोधित समय सारणी के अनुसार, यह ट्रेन पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जंक्शन रेलवे स्टेशन से अपने पुराने समय सुबह 4.30 बजे के बजाय अब 45 मिनट पहले यानी सुबह 3.45 बजे प्रस्थान करेगी. इसके अलावा, शुरुआती रूट के कुछ अन्य स्टेशनों पर भी समय बदला गया है. हासिमारा रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन अब सुबह 4.30 बजे पहुंचेगी और 4.32 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि पहले इसका समय सुबह 5.35 बजे था. इसी तरह, बिन्नागुड़ी रेलवे स्टेशन पर नया आगमन समय सुबह 5.05 बजे और प्रस्थान समय 5.07 बजे तय किया गया है, जो पहले क्रमश: सुबह 6.10 बजे और 6.12 बजे था.

ट्रेन से जुड़े मुख्य विवरण

अलीपुरद्वार जंक्शन से पनवेल के बीच चलने वाली यह अमृत भारत एक्सप्रेस एक साप्ताहिक ट्रेन है, जो हर गुरुवार को संचालित होती है. यह ट्रेन अपनी पूरी यात्रा के दौरान 2,377 किलोमीटर की दूरी तय करती है, जिसमें कुल 48 घंटे और 45 मिनट का समय लगता है. यह ट्रेन अपने मार्ग में पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई प्रमुख स्टेशनों को जोड़ती है. इसके मुख्य ठहराव में सिलीगुड़ी, न्यू जलपाईगुड़ी, किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छ्योकी, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड और कल्याण शामिल हैं.

वापसी की ट्रेन के समय में कोई बदलाव नहीं

सेंट्रल रेलवे ने स्पष्ट किया है कि पनवेल से अलीपुरद्वार जंक्शन के बीच चलने वाली वापसी की ट्रेन (ट्रेन संख्या 11031) के समय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है. यह ट्रेन अपने पुराने शेड्यूल के अनुसार ही चलेगी. यह हर सोमवार को सुबह 11.50 बजे पनवेल से रवाना होती है और तीसरे दिन दोपहर 1.50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचती है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-