प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे: मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई, कहा- छत्तीसगढ़ के विकास को मिली नई दिशा

प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे: मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई, कहा- छत्तीसगढ़ के विकास को मिली नई दिशा

प्रेषित समय :16:00:15 PM / Tue, May 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी और जनकेंद्रित नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं.

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने शासन की कार्यशैली को बदलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प आज पूरे देश में दिखाई दे रहा है.

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. विकसित भारत @2047 का सपना जनभागीदारी के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का व्यापक असर देखने को मिला है. विशेषकर बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे लोगों के जीवन में बदलाव आया है.

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने गरीबों और जरूरतमंदों के जीवन में नया आत्मविश्वास पैदा किया है.

अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-