रायपुर. छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी अब वन्यजीवों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है. कोरबा के बाद अब कांकेर जिले के सरोना गांव में हीट स्ट्रोक के कारण 500 से अधिक चमगादड़ों की मौत होने का मामला सामने आया है. लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव ने लोगों के साथ-साथ वन्यजीवों की चिंता भी बढ़ा दी है.
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में चमगादड़ अचानक पेड़ों से नीचे गिर रहे हैं और कुछ ही देर में उनकी मौत हो जा रही है. बताया जा रहा है कि बीते 2 से 4 दिनों के भीतर करीब 500 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत हो चुकी है. विशेषज्ञ इस घटना को भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक का असर मान रहे हैं.
वहीं लगातार बढ़ती गर्मी का असर आम लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और लू से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है.
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं. इससे पहले कोरबा जिले के पाली विकासखंड के नौकोनिया तालाब क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत का मामला सामने आया था, जिसने वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

