जबलपुर. पमरे के जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 4/5 पर मंगलवार 26 मई को एक हादसा हो गया, जब कई महिला यात्री सीढिय़ां उतर रही थीं, इसी दौरान एक महिला का पैर फिसलने से वे गिरकर घायल हो गई. उनके पैरों व कमर में काफी चोटें पहुंची है. रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे स्टाफ द्वारा तत्परता से सहायता प्रदान की गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ एएसआई श्री धीरज द्वारा सूचना दिए जाने पर इमरजेंसी मेडिकल रिस्पांस (ईएमआर) स्टाफ की सदस्य अनीता ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल महिला को प्राथमिक उपचार प्रदान किया. महिला यात्री की पहचान अंजली तिवारी (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है.
घटना के समय महिला के साथ लगभग 6-7 अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं, जो कटनी जाने वाली थीं. घायल महिला की स्थिति को देखते हुए रेलवे स्टाफ द्वारा उन्हें अस्पताल जाने की सलाह दी गई. तत्पश्चात व्हीलचेयर की सहायता से महिला को सुरक्षित रूप से एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया एवं उनके परिचितों के अनुरोध पर आगे उपचार हेतु जामदार अस्पताल भेजा गया. रेल प्रशासन द्वारा समय पर दी गई सहायता एवं संवेदनशीलता की यात्रियों एवं उपस्थित लोगों द्वारा सराहना की गई.

