रेलवे ने लावारिस शवों के अंतिम संस्कार की राशि बढ़ाई, अब मिलेंगे 7000 रुपये, पूरे देश में बदलाव लागू

रेलवे ने लावारिस शवों के अंतिम संस्कार की राशि बढ़ाई, अब मिलेंगे 7000 रुपये, पूरे देश में बदलाव लागू

प्रेषित समय :14:52:08 PM / Tue, May 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. रेलवे ने रेल पटरियों या स्टेशन परिसरों में मिलने वाले लावारिस शवों के संरक्षण (प्रिजर्व) व सम्मानजनक अंतिम संस्कार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. रेलवे बोर्ड ने शवों को ढंकने के लिए इस्तेमाल होने वाले कफन और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के लिए दी जाने वाली राशि में बढ़ोतरी कर दी है. अब प्रति शव खर्च की जाने वाली राशि को 5,000 रुपये से बढ़ाकर 7,000 रुपये कर दिया गया है. यह बदलाव तत्काल प्रभाव से पूरे देश के सभी जोनल रेलवे में लागू कर दिया गया है.

पुरानी दर काफी समय पूर्व तय की गई थी

अक्सर देखा जाता है कि रेल हादसों या अन्य कारणों से ट्रैक पर मिलने वाले शवों के सम्मानजनक संरक्षण अंतिम संस्कार में फंड की कमी आड़े आती थी. पुरानी दरें काफी समय पहले तय की गई थीं, जबकि वर्तमान में सामग्री और सेवाओं के दाम बढ़ चुके हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय के वित्त निदेशालय की सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया है.

रेलवे बोर्ड के आईजी (प्रशासन) ने जारी किया आदेश

रेलवे बोर्ड के आईजी (प्रशासन) महेश्वर सिंह ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है. सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों, प्रधान वित्त सलाहकारों और मुख्य सुरक्षा आयुक्तों को व्यवस्था के पालन का निर्देश दिया गया है. इस बदलाव से जीआरपी और रेलवे प्रशासन को स्थानीय स्तर पर लावारिस शवों के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक मानवीय और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-