जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित बेलखेड़ा क्षेत्र से सगी बहनों का अपहरण कर दो युवक गुजरात के ताताथइया ले गए. यहां पर तीन माह तक बंधक बनाकर दोनों बहनों के साथ दुष्कर्म किया गया. मामले में एक नाबालिग बहन का अभी भी पता नहीं चल सका है.
इस मामले में एसपी को पीडि़ता ने शिकायत देते सुरेंद्र पटेल पर बंधक बनाकर शारीरिक शोषण करने व अश्लील वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. किसी तरह चंगुल से छूटकर 26 मई 2026 को वापस लौटी पीडि़ता ने बताया कि उसकी छोटी बहन को प्रशांत पटेल नामक युवक जबरन गुजरात ले गया था, जो अब भी लापता है. बेलखेड़ा पुलिस ने इस संबंध में 7 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 0022/2026 और धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था, मगर लापता नाबालिग का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है.
पीडि़त युवती ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र पटेल उसे अपने जाल में फंसाकर बहला-फुसलाकर गुजरात ले गया था. वहाँ आरोपी ने पीडि़ता को शादी का झांसा दिया और लगातार तीन महीने तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा. इस दौरान आरोपी ने पीडि़ता के कुछ अश्लील वीडियो भी तैयार कर लिए थे, जिनके बल पर वह उसे लगातार डरा-धमका रहा था. आरोपी ने पीडि़ता के परिवार को जान से मारने और सड़क दुर्घटना करवाने की धमकी भी दी थी, जिससे डरी-सहमी पीडि़ता लंबे समय तक कुछ नहीं बोल सकी और किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही.
नाबालिग बहन का जबरन विवाह-
इस पूरे घटनाक्रम में पीडि़ता की 16 साल की छोटी बहन भी आरोपियों का शिकार बनी है. शिकायत के मुताबिक, दूसरा आरोपी प्रशांत पटेल नाबालिग लड़की को जबरन अपने साथ गुजरात ले गया था. आरोपियों ने उस नाबालिग लड़की को अपने अवैध कब्जे में रखा और उसका भी लगातार शोषण किया. पीडि़त परिवार ने अपनी शिकायत में यह गंभीर आशंका और दावा जताया है कि आरोपी प्रशांत पटेल ने नाबालिग लड़की के साथ मंदिर में जबरन विवाह कर लिया है. बड़ी बहन तो किसी तरह साहस दिखाकर आरोपियों के चंगुल से आजाद होकर घर लौट आई, लेकिन उसकी छोटी बहन का अब तक कुछ पता नहीं चला है, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर पूरा परिवार बेहद डरा हुआ है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

