जबलपुर. एमपी के जबलपुर में माढ़ोताल स्थित होटल सुकून में तीन दिन पहले पकड़ी गई महिला और विशेष समुदाय के युवक को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, होटल के एक कमरे में आपत्तिजनक गतिविधियों के दौरान पकड़ी गई महिला नेताजी सुभाषचंद्र मेडिकल कॉलेज की डाक्टर है, जो एक विभाग में कंसलटेंट के पद पर पदस्थ है. वहीं उसके साथ पकड़ा गया युवक निजी सुरक्षा कंपनी में सुपरवाइजर था. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कंपनी प्रबंधन ने उसे नौकरी से हटा दिया.
गौरतलब है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि कटंगी बायपास स्थित होटल सुकून में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं और यहां अक्सर लड़के-लड़कियां आते हैं. पिछले दिनों संगठन के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और एक कमरे की जांच की, जहां एक महिला और विशेष समुदाय का युवक मिले. पूछताछ में दोनों ने नाम बताने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया. कुछ देर बाद माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को थाने ले गई. हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर युवक फरहज अली कादरी, निवासी मुजावर मोहल्ला, रानी दुर्गावती मोहल्ला, के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
युवक पहले से मौजूद था, युवती बाद में गई-
बताया जा रहा है कि फरहज अली कादरी पहले से होटल में मौजूद था. दोपहर में महिला डॉक्टर ब्लैक रंग की कार से होटल पहुंची, जिसके बाद दोनों कमरे में चले गए. कार्यकर्ताओं का आरोप है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं. पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड और कमरे से मिले कुछ सामान जब्त किए हैं. साथ ही आईडी, रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता होटल पहुंचे और कमरों की तलाशी ली. इसी दौरान एक कमरे में युवक और युवती संदिग्ध अवस्था में मिले, जिसके बाद कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया.
कार्यकर्ताओं ने होटल में की तोडफ़ोड़-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा. आरोप है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने होटल में तोडफ़ोड़ की और युवक के साथ मारपीट भी की. युवक और युवती को कमरे से बाहर लाकर होटल परिसर में बैठाया गया, जहां बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर माढ़ोताल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. जब पुलिस दोनों को वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी, तभी कुछ कार्यकर्ताओं ने फिर धक्का-मुक्की और मारपीट की कोशिश की. पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात संभाले और सभी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

