जबलपुर में समाजसेवी बताकर ठगी कर रहा युवक, पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे पीड़ित

जबलपुर में समाजसेवी बताकर ठगी कर रहा युवक, पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे पीड़ित

प्रेषित समय :15:52:15 PM / Thu, May 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में खुद को समाज सेवी बताने वाले रघु तिवारी ने नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से ठगी की है. ऐसे दो मामले सामने आए हैं. पीडि़तों ने एएसपी सूर्यकांत शर्मा से मुलाकात कर ठगी की लिखित शिकायत की और दिए गए रुपए वापस कराने का अनुरोध किया. एएसपी ने बेलबाग थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसी के साथ पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है.

आरोपी रघु तिवारी ने निशांत सिंह से पिता के स्थान पर अनुकंपा नियुक्ति दिलाने के लिए एक लाख 10 हजार रुपए लिए. उन्हें कहा था कि मेरी बहुत पहुंच है, नौकरी हर हाल में मिल जाएगी. निशांत के पिता सेंट्रल आर्डिनेंस डिपो में मजदूर थे. वहीं रूपा अरोड़ा से बेटे की नौकरी पुलिस विभाग में लगाने के लिए 16 हजार रुपए लिए गए थे. पीडि़तों ने पहले कुछ दिन इंतजार किया, रघु भी कुछ दिन का कहता रहा, लेकिन समय ज्यादा हुआ तो पीडि़तों ने रघु से रुपए वापस मांगना शुरू कर दिया.

पहले तो रघु ने कहा कि मैं पार्टी के काम में व्यस्त हूं, पर जब पीडि़त लगातार तकादा करने लगे, तो रघु ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया. हाथीताल कॉलोनी निवासी रघु तिवारी ने महापौर जगत बहादुर अन्नू सहित कई नेताओं और अफसरों के साथ फोटो खिंचवा रखे हैं. किसी काम के लिए उसके संपर्क में जो भी आता है, वह उसे बताता है कि संबंधित लोगों से उसके अच्छे संबंध हैं और उनका काम कराने में उसे कोई मुश्किल नहीं आएगी. एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि दो शिकायतकर्ता सामने आए थे, जिन्होंने रघु तिवारी के खिलाफ नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी की शिकायत की है. दोनों आवेदन पत्रों की जांच के लिए टीआई को निर्देशित किया गया है, जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-