जबलपुर. नौतपा के चौथे दिन मध्य प्रदेश में मौसम ने एक साथ दो अलग-अलग रंग दिखाए. दिन में सूरज की तपिश और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया, वहीं शाम होते-होते कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज बदल दिया. जबलपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में दिनभर भीषण गर्मी का असर रहा, लेकिन मौसम विभाग ने आगामी दिनों में राहत के संकेत दिए हैं. खासतौर पर जबलपुर संभाग के जिलों में मौसम तेजी से करवट लेने की संभावना जताई गई है.
जबलपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नौतपा के दौरान यह तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग तेज धूप व गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर रहे. मौसम विभाग ने जबलपुर सहित कटनी, दमोह, नरसिंहपुर, पन्ना, सतना, मैहर, उमरिया और शहडोल जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है. अधिकारियों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.
प्रदेशभर की बात करें तो ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में लू का प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना है. नौतपा के दौरान प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. खजुराहो 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री, नौगांव, दमोह और मलाजखंड में 45.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.2 डिग्री तथा सतना में 45.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि ग्वालियर में 44.7 डिग्री, उज्जैन में 42.5 डिग्री और इंदौर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. लगातार बढ़ते तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित रहा और अस्पतालों में भी गर्मी से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है.
हालांकि भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर भी है. मौसम विभाग के अनुसार 30 मई से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. अगले तीन दिनों तक कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है. छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में गर्मी और बारिश का मिश्रित असर देखने को मिल रहा है. राहत की बात यह है कि 30 मई से 1 जून तक प्रदेश में कहीं भी हीटवेव का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. ऐसे में नौतपा की तीखी गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. जबलपुर सहित महाकौशल क्षेत्र में भी आने वाले दिनों में बादल, तेज हवाएं और बारिश लोगों को तपिश से राहत दिला सकती हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

