जबलपुर में बरगी रोड पर अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, कर्नाटक से दिल्ली पपीता लेकर जा रहा था

जबलपुर में बरगी रोड पर अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, कर्नाटक से दिल्ली पपीता लेकर जा रहा था

प्रेषित समय :18:26:49 PM / Sun, May 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बरगी रोड स्थित बंजारी घाटी पर आज दोपहर अफरातफरी मच गई, जब पपीते से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ट्रक चालक रमन नायक के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर देते हुए चालक को निकालकर अस्पताल पहुंचाया. जहां पर हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं घटना के बाद बरगी रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ट्रक चालक रमन नायक उम्र 40 वर्ष कर्नाटक पपीता लोड कर दिल्ली जाने के लिए निकला, आज दोपहर एक बजे रमन जब ट्रक लेकर बंजारी घाट से उतर रहा था, इस दौरान अपना संतुलन खो बैठा और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. ट्रक पलटने से चालक के शरीर पर गंभीर चोटें आई, वह ट्रक में ही फंसा रहा, वहीं ट्रक में लोड सारा पपीता सड़क पर बिखर गया, राह चलते अन्य वाहन चालकों ने देखा तो पुलिस को खबर दी. इस बीच आसपास गांव के लोग एकत्र हो गए.

वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मार्ग को जल्द ही सुचारु कर दिया गया.गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित बंजारी घाटी क्षेत्र को दुर्घटना संभावित माना जाता है, क्योंकि यहां तीखे मोड़ और ढलान हैं. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-