अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा ऐलान : अचानक इन चीजों पर 10 प्रतिशत घटाया टैरिफ, 2027 तक राहत

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा ऐलान : अचानक इन चीजों पर 10 प्रतिशत घटाया टैरिफ, 2027 तक राहत

प्रेषित समय :12:41:55 PM / Tue, Jun 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

वॉशिंगटन. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कृषि और औद्योगिक उपकरणों पर लगने वाले आयात शुल्क (टैरिफ) में बड़ी कटौती का ऐलान किया है. ट्रंप प्रशासन ने चुनिंदा कृषि उत्पादों और औद्योगिक मशीनरी पर लागू 25 प्रतिशत टैरिफ को घटाकर 15 प्रतिशत कर दिया है. यह अस्थायी राहत दिसंबर 2027 तक प्रभावी रहेगी.

व्हाइट हाउस के अनुसार, इस फैसले का उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देना और अमेरिकी अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों को समर्थन देना है. सरकार का मानना है कि कम टैरिफ से सस्ते आयात को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही अमेरिकी इस्पात और एल्युमीनियम के अधिक उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा.

क्यों लिया गया फैसला?

राष्ट्रपति ट्रंप की नई घोषणा के तहत यह टैरिफ कटौती कृषि और विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े व्यवसायों की लागत कम करने के लिए की गई है. इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग और कृषि उत्पादन को मजबूती मिलने की उम्मीद है. नई दरें कंबाइन, हार्वेस्टर, बुलडोजर, फोर्कलिफ्ट और अन्य कृषि एवं औद्योगिक मशीनरी पर लागू होंगी. व्हाइट हाउस का कहना है कि कम टैरिफ से किसानों और कृषि उत्पादकों को अपेक्षाकृत कम लागत पर आधुनिक उपकरण खरीदने में मदद मिलेगी. ट्रंप प्रशासन ने कम टैरिफ के दायरे में आने वाले औद्योगिक उपकरणों की सूची का भी विस्तार किया है. व्हाइट हाउस के मुताबिक, यह कदम कृषि, आवास और विनिर्माण क्षेत्रों को समर्थन देने के साथ-साथ कंपनियों को उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नए उपकरणों में निवेश के लिए प्रोत्साहित करेगा.

क्या भारत को मिलेगा फायदा?

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह टैरिफ राहत मुख्य रूप से उन देशों पर लागू होगी जिनके साथ अमेरिका के व्यापार समझौते हैं. ऐसे देशों से आयात होने वाले कृषि उपकरणों और औद्योगिक मशीनरी पर अब 15 प्रतिशत टैरिफ लगेगा, जो पहले 25 प्रतिशत था. हालांकि, भारत को इस राहत का सीधा लाभ मिलने की संभावना फिलहाल कम है, क्योंकि दोनों देशों के बीच व्यापक व्यापार समझौते को लेकर बातचीत अभी अंतिम चरण तक नहीं पहुंची है.

स्टील और एल्युमीनियम के लिए नई प्रोत्साहन योजना

ट्रंप प्रशासन ने घरेलू स्तर पर उत्पादित स्टील और एल्युमीनियम की मांग बढ़ाने के लिए एक नई प्रोत्साहन योजना की भी घोषणा की है. इसके तहत विदेशी निर्माता 10 प्रतिशत की और भी कम टैरिफ दर का लाभ उठा सकेंगे, बशर्ते उनके आयातित पूंजीगत उपकरणों में वजन के आधार पर कम से कम 85 प्रतिशत अमेरिकी स्टील या एल्युमीनियम का उपयोग किया गया हो. प्रशासन का मानना है कि इस कदम से घरेलू उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और अमेरिकी विनिर्माण क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत होगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-