जबलपुर. लखनऊ मंडल में यार्ड ब्लॉक के चलते रेल संचालन प्रभावित हुआ है, जिसका असर पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर व भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों पर पड़ा है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव, आंशिक निरस्तीकरण और मार्ग परिवर्तन किए हैं. कुल चार गाडिय़ां इन बदलावों से प्रभावित होंगी.
दो ट्रेनों का टर्मिनल बदला, आंशिक निरस्तीकरण
गाड़ी संख्या 22683 यशवंतपुर-लखनऊ एक्सप्रेस अपने निर्धारित गंतव्य लखनऊ के बजाय उतरेटिया स्टेशन तक ही संचालित की गई. वहीं, गाड़ी संख्या 22684 लखनऊ-यशवंतपुर एक्सप्रेस 4 जून 2026 को लखनऊ के स्थान पर उतरेटिया स्टेशन से ही रवाना होगी.
दो ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित, लखनऊ स्टेशन नहीं जाएंगी
गाड़ी संख्या 15066 पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस 1 से 3 जून 2026 के बीच अपने निर्धारित मार्ग मानक नगर-लखनऊ-मल्हौर के बजाय मानक नगर-ऐशबाग-मल्हौर होकर चलेगी. इस दौरान ट्रेन लखनऊ स्टेशन की बजाय ऐशबाग और बादशाह नगर स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
इसी तरह, गाड़ी संख्या 12173 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस 2 जून 2026 को अपने निर्धारित मार्ग कानपुर सेंट्रल-लखनऊ-रायबरेली-प्रतापगढ़ के स्थान पर कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज-फाफामऊ-प्रतापगढ़ होकर संचालित होगी. इस परिवर्तन के चलते यह ट्रेन लखनऊ, रायबरेली और अमेठी स्टेशनों पर नहीं रुकेगी, बल्कि प्रयागराज स्टेशन पर ठहराव करेगी.
रेलवे की यात्रियों से अपील: सफर से पहले स्टेटस जरूर जांचें
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें. इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस ऐप/पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है.

