जबलपुर में घुन लगा गेंहू, फफूंद वाला चावल देख कर भड़के उपभोक्ता, महाराजपुर में राशन दुकान से किया जा रहा था वितरण

जबलपुर में घुन लगा गेंहू, फफूंद वाला चावल देख कर भड़के उपभोक्ता, महाराजपुर में राशन दुकान से किया जा रहा था वितरण

प्रेषित समय :17:42:32 PM / Wed, Jun 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में महाराजपुर करौंदा नाला स्थित सेवा सहकारी समिति से घुन लगा गेंहू व फफूंद लगे चावल का वितरण होते देख उपभोक्ता आक्रोशित हो गए. विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया. यहां तक कि महिला हितग्राहियों सहित अन्य उपभोक्ताओं ने सरकारी राशन का उपयोग करने से साफ मना कर दिया है.

बताया यगा है कि सेवा सहकारी समिति से वितरित किए जा रहे शासकीय राशन को लेकर लोगों ने आरोप लगाए कि चावल में सुंडी और इल्लियां रेंग रही हैं, जबकि गेहूं घुन के कारण नष्ट हो चुका है. स्थिति यह है कि गेहूं को हाथ लगाते ही वह सफेद पाउडर की तरह बिखर रहा है. उपभोक्ताओं ने जब राशन डीलर से शिकायत की, तो उसने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया. दुकान संचालक का दावा है कि यह खराब अनाज शासन स्तर से ही इसी हालत में प्राप्त हुआ है, इसलिए इसमें स्थानीय स्तर पर उसकी कोई गलती नहीं है. हितग्राहियों के अनुसार उन्हें 2 माह का राशन एक साथ मिला था, लेकिन वह पूरी तरह अनुपयोगी निकला.

प्रशासनिक अधिकारी समय पर नहीं करते राशन दुकानों का निरीक्षण-

ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राशन दुकानों का समय पर नियमित निरीक्षण नहीं किया जाता है, जिससे वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं को बढ़ावा मिल रहा है. करौंदा नाला के निवासियों ने आरोप लगाया कि राशन वितरण प्रणाली की निगरानी कमजोर हो चुकी है. इसी वजह से उपभोक्ताओं को हर महीने घटिया गुणवत्ता का अनाज मिलने की समस्या से जूझना पड़ता है. इसके अतिरिक्त पारदर्शिता के नियमों की भी अनदेखी की जा रही है. इस राशन दुकान पर पिछले कई वर्षों से अनिवार्य सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को स्टॉक की सही जानकारी नहीं मिल पाती है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-