जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित यादव कॉलोनी में एके इंटरप्राइजेज नाम से भूमिगत केबल डालने का कारोबार करने वाले यूपी के कारोबारी जितेंद्र कुमार कुशवाहा के साथ 26.74 लाख 115 रुपए की ठगी की गई है. ये ठगी किसी और ने नही बल्कि कंपनी में किराए की मशीन चलाने वाले आपरेटर रंजीत ने अपनी साथी जितेन्द्र के साथ मिलकर की है.
बताया गया है कि औरिया यूपी निवासी जितेन्द्र कुमार कुशवाहा की कंपनी में पिछले तीन साल से रंजीत नाम का व्यक्ति किराए की मशीन लाकर ऑपरेटिंग का काम कर रहा था. काम के दौरान ही रंजीत ने जितेंद्र का विश्वास जीता और उन्हें हर महीने भारी-भरकम किराया देने के बजाय खुद की नई मशीन खरीदने का लालच दिया. कारोबारी इस झांसे में आ गए और उन्होंने रंजीत की बात पर भरोसा कर लिया.
इसके बाद रंजीत ने सुनियोजित तरीके से उन्हें राजस्थान के किशनगढ़ में वीर तेजा इंटरप्राइजेज चलाने वाले विश्राम जाट नाम के डीलर से मिलवाया. इन दोनों ने जितेन्द्र कुशवाहा को पहले एक एचडीडी मशीन और फिर उसके संचालन के लिए एक ट्रक, ट्रैक्टर व टैंकर बेचने का सौदा किया. पूरी रकम बैंक खातों में ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने न तो मशीनरी दी और न ही वाहन सौंपे. जितेन्द्र कुशवाहा को धोखाधड़ी का अंदेशा होने पर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई,जिसपर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है.
रुपए मिलते ही फोन उठाना किया बंद-
बताया गया है कि डीलर विश्राम जाट ने केबल डालने वाली एचडीडी मशीन का सौदा 10.62 लाख रुपये में तय किया. इसके बाद आरोपियों ने जितेंद्र को समझाया कि मशीन को साइट पर लाने और ले जाने के लिए वाहनों की जरूरत पड़ेगी. उन्होंने पीडि़त को एक ट्रक, एक ट्रैक्टर और एक पानी का टैंकर खरीदने का ऑफर दिया, जिसकी कीमत 16.09 लाख रुपये तय की गई. पीडि़त ने दोनों आरोपियों की बातों में आकर कुल 26 लाख 74 हजार 115 रुपये उनके बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए. रकम मिलते ही आरोपियों ने फोन उठाने बंद कर दिए और सामान देने से साफ मुकर गए.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

