छत्तीसगढ़: दुर्ग में इबोला प्रभावित देशों से लौटे तीन लोग निगरानी में, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

छत्तीसगढ़: दुर्ग में इबोला प्रभावित देशों से लौटे तीन लोग निगरानी में, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

प्रेषित समय :16:41:24 PM / Thu, Jun 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इबोला प्रभावित देशों से लौटे तीन लोगों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखा गया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ये व्यक्ति इबोला के मरीज नहीं हैं, बल्कि प्रभावित क्षेत्रों की यात्रा कर लौटे हैं, इसलिए एहतियात के तौर पर उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति कांगो से मुंबई होते हुए दुर्ग पहुंचा है और वर्तमान में गया नगर में रह रहा है. वहीं, दो अन्य लोग इथियोपिया और युगांडा से लौटे हैं तथा भिलाई के जुनवानी स्थित अविनाश मेट्रोपोलिटन क्षेत्र में निवास कर रहे हैं.

स्वास्थ्य विभाग ने तीनों व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें क्वारंटीन प्रोटोकॉल के तहत निगरानी में रखा है. अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल इनमें इबोला संक्रमण से संबंधित कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं. फिर भी उनके रक्त नमूने जांच के लिए पुणे की प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट जल्द आने की उम्मीद है.

संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारी के तहत राज्य महामारी नियंत्रण दल भी सक्रिय हो गया है. दुर्ग जिला अस्पताल में विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जा रहा है, जहां जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों को रखा जा सकेगा.

सीएमएचओ मनोज दानी ने बताया कि इबोला प्रभावित देशों से आने वाले सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग और आवश्यक जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि तीनों व्यक्तियों में बीमारी के कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों के अनुसार उन्हें निगरानी में रखा गया है.

वहीं, राज्य सर्विलेंस अधिकारी डॉ. खेमराज सोनवानी ने बताया कि ऐसे यात्रियों की एयरपोर्ट से लेकर स्थानीय स्तर तक बहुस्तरीय स्क्रीनिंग की जाती है. उन्होंने कहा कि देश में अब तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन कोविड-19 की तरह सतर्कता और सावधानी बरतना आवश्यक है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-