रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए जानकारी दी कि बैठक में प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने, गरीब कल्याण, किसानों के हित, युवाओं को रोजगार और मातृशक्ति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया.
बताया गया कि छत्तीसगढ़ में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई.
गौरतलब है कि नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन से पुराना जुड़ाव रहा है. वे वर्ष 2021 से 2024 तक छत्तीसगढ़ भाजपा के सह-प्रभारी रहे. इसके बाद लोकसभा चुनाव 2024 में उन्हें प्रदेश का चुनाव प्रभारी बनाया गया था. जुलाई 2024 से उन्होंने राज्य प्रभारी के रूप में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाली थीं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

