जबलपुर. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को राष्ट्रपति के जबलपुर आगमन की संभावना जताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति 20 जून की शाम जबलपुर पहुंच सकती हैं और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस क्रमांक-1 में करेंगी. इसके बाद 21 जून की सुबह वे शहर के मॉडल हाई स्कूल परिसर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी.
सूत्रों के मुताबिक योग कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति सुबह लगभग 10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो सकती हैं. हालांकि अभी तक इस दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह जानकारी संभावित कार्यक्रम के आधार पर प्राप्त हुई है और अंतिम कार्यक्रम में बदलाव भी संभव है.
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की रूपरेखा पर चर्चा शुरू हो गई है. सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल और कार्यक्रम स्थल से संबंधित प्रारंभिक तैयारियों पर भी विचार किया जा रहा है.
प्रोटोकॉल अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सूचना दिल्ली से दूरभाष के माध्यम से मिली है. अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आदेश या आधिकारिक कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है. ऐसे में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर अंतिम पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है.
राष्ट्रपति के संभावित आगमन की खबर सामने आने के बाद प्रशासन और विभिन्न विभागों में हलचल तेज हो गई है. आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद दौरे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

