जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित विजय नगर में अरविंद सोनी ने अपने साथी राजनदंन पटेल व संदीप बर्मन के नाम से ब्रो नामक प्रतिबंधित कंपनी खोली. इस कंपनी में अपने परिचितों, रिश्तेदारों सहित अन्य लोगों के रुपए निवेश करा दिए. जब लोगों ने मुनाफा मांगा तो कंपनी बंद कर भाग निकले. रुपए डूबने से परेशान लोगों ने एसपी आफिस पहुंचकर एएसपी सूर्यकांत शर्मा से शिकायत की है.
बताया गया है कि अरविंद सोनी ने लोगों के बीच अपना विश्वास जमाने के लिए विजय नगर में एक फिजियोथैरेपी सेंटर खोला. यहां पर जब परिचितों व मरीजों का आना जाना शुरु हुआ तो उन्हे अपने साथी राजनदंन पटेल व संदीप बर्मन की मदद से ब्रो नामक कंपनी की स्कीमें बताकर रुपए निवेश करने के लिए तैयार किया. शुरुआत में आरोपियों ने लोगों को ज्यादा लाभ देने का भरोसा दिलाया ताकि वे अपनी जिंदगी भर की जमा-पूंजी निवेश कर दें. आरोपियों ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत अधिकांश राशि नगद के रूप में ली ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई और सबूतों से बचा जा सके. जब लोगों ने अपनी जमा की हुई राशि व लाभांश मांगा तो तीनों ठगों ने हाथ खड़े करते हुए कहा कि कंपनी बंद हो चुकी है.
जब पीडि़तों को अपनी रकम डूबने का अहसास हुआ तो उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन वहां से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद पीडि़त दशरथ राय और नितिन चौकसे ने अन्य पीडि़तों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है. इस मामले में एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने विजयनगर पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी और गहन तफ्तीश के निर्देश दिए हैं, जबकि आरोपी राजनंदन पटेल इस पूरे मामले को शेयर मार्केट का घाटा और स्वैच्छिक निवेश बताकर बचने का प्रयास कर रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने विजयनगर थाना पुलिस को आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेने और मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच करने के आदेश जारी किए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

