अहमदाबाद. गुजरात में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर के तीन इलाकों से 300 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है. जांच में 166 बांग्लादेशी पाए गए हैं, जबकि अन्य संदिग्धों के डॉक्यूमेंट्स की जांच की जा रही है.
2 जून की रात चलाए गए अभियान में अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर क्षेत्रों में कार्रवाई की थी. हिरासत में लिए गए सभी लोगों को क्राइम ब्रांच कैंपस में रखा गया है.
पूरे शहर में तलाशी अभियान
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि चंदोला इलाके में लगातार चल रहे अभियानों के कारण बड़ी संख्या में अवैध निवासी एक जगह टिकने से बच रहे हैं. वे पहचान बदलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में किराए के मकानों, झुग्गी-झोपडिय़ों, होटलों, कामगार आवासों और व्यावसायिक स्थानों में रह रहे हैं. इसलिए पूरे शहर में एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. अवैध प्रवासियों को पकडऩे की कार्रवाई लंबी चलने वाली है.
दलालों के जरिए कमाई बांग्लादेश भेजते थे
पूछताछ में कुछ बांग्लादेशियों ने कबूल किया है कि वे यहां कमाए गए पैसे बांग्लादेश में रहने वाले परिवार को कैश में भेजते थे. इसके लिए वे दलालों का सहारा लेते थे. पहले पैसे कोलकाता भेजे जाते थे, वहां से बांग्लादेश पहुंचते थे. यह भी पता चला है कि कुछ मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए भी पैसे भेजे जा रहे थे. पुलिस इन दलालों की तलाश में जुटी है. साइबर क्राइम की टीमें भी मोबाइल से मिले एप्लीकेशंस की जांच कर रही हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

