जबलपुर : मुफ्त खाने पर बदमाशों का उत्पात, ढाबा के कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा

जबलपुर : मुफ्त खाने पर बदमाशों का उत्पात, ढाबा के कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा

प्रेषित समय :12:35:08 PM / Sat, Jun 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जिले के पनागर थाना अंतर्गत गांधीग्राम स्थित सतना ढाबा पर शुक्रवार की देर रात हथियारों से लैस बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया. क्षेत्र के कुख्यात बदमाश राज यादव और जीत रैकवार अपने अन्य साथियों के साथ ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे. भोजन करने के बाद जब ढाबा संचालक ने उनसे नियमानुसार खाने के पैसे मांगे, तो आरोपी बुरी तरह भड़क गए. 

आरोपियों ने पैसे देने के बजाय लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से ढाबा संचालक और वहां मौजूद कर्मचारियों पर जानलेवा हमला कर दिया. लगभग 10 मिनट तक ढाबे के भीतर आरोपियों ने तांडव मचाया, जिससे वहां खाना खा रहे आम ग्राहकों में भगदड़ मच गई और वे अपनी जान बचाकर भागे. बदमाशों की यह पूरी करतूत ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है.

लाठी, बेसबॉल बैट से खूनी हमला

गांधीग्राम के इस प्रसिद्ध ढाबे पर रोज की तरह काम चल रहा था, तभी राज यादव और जीत रैकवार अपने गुर्गों के साथ वहां पहुंचे. काफी देर तक बैठकर खाना खाने के बाद सभी आरोपी बिना काउंटर पर भुगतान किए चुपचाप बाहर निकलने लगे. ढाबा संचालक ने जब उन्हें रोककर शालीनता से बिल के पैसे मांगे, तो अपराधियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते बदमाशों ने अपनी गाडिय़ों से लाठी, डंडे और बेसबॉल बैट निकाल लिए और कर्मचारियों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. इस अचानक हुए हमले में ढाबा संचालक और कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है.

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी राज यादव और जीत रैकवार इलाके के आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. ढाबे पर तोडफ़ोड़ और मारपीट करने के बाद भागते समय आरोपियों ने संचालक को दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की खुली धमकी भी दी. घटना के बाद मौके पर पहुंची पनागर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं. पुलिस ने दोनों मुख्य नामजद आरोपियों सहित उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-