अंडमान-निकोबार में होगा 26वाँ अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन, स्वैच्छिक सहभागिता के लिए पंजीयन शुरू

अंडमान-निकोबार में होगा 26वाँ अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन, स्वैच्छिक सहभागिता के लिए पंजीयन शुरू

प्रेषित समय :20:38:57 PM / Sat, Jun 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

हिंदी भाषा, साहित्य और संस्कृति के अंतरराष्ट्रीय विस्तार को समर्पित 26वाँ अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन इस वर्ष अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन 19 से 26 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित है। आयोजन समिति ने देश-विदेश के रचनाकारों, साहित्यकारों, संपादकों, हिंदी सेवियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और प्रकाशकों के लिए स्वैच्छिक सहभागिता हेतु पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

आयोजन समिति के अनुसार सम्मेलन में हिंदी साहित्य, समकालीन विमर्श, रचनात्मक लेखन, भाषा विकास तथा वैश्विक स्तर पर हिंदी की संभावनाओं से जुड़े विविध विषयों पर चर्चा होगी। प्रतिभागियों को सम्मेलन का सत्रवार कार्यक्रम, विषय-वस्तु, आलेख प्रस्तुति, प्रकाशन संबंधी जानकारी, नियमावली, तिथिवार यात्रा योजना, भोजन, स्वल्पाहार, आवास, अध्ययन-पर्यटन, पंजीयन राशि, पुरस्कार नियमावली और आवश्यक दस्तावेजों का विस्तृत विवरण व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।

समिति ने बताया कि पंजीयन विवरण प्राप्त करने की प्रक्रिया 5 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जबकि विवरण प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है। वहीं पंजीयन शुल्क की प्रारंभिक राशि जमा करने की अवधि 6 जून से 15 जून 2026 तक रहेगी। आयोजन सीमित सीटों के आधार पर किया जा रहा है, इसलिए पंजीयन “पहले आओ, पहले पाओ” के सिद्धांत पर किया जाएगा। प्रारंभिक शुल्क जमा करने वाले प्रतिभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

नए प्रतिभागियों के लिए पंजीयन विवरण प्राप्त करने हेतु संक्षिप्त बायोडेटा, आधार कार्ड की प्रति और पासपोर्ट आकार का फोटो भेजना अनिवार्य रखा गया है। आयोजन समिति का कहना है कि सम्मेलन हिंदी जगत के रचनाकारों और विद्वानों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां साहित्यिक संवाद, शोध और रचनात्मक अभिव्यक्ति के नए आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन का मुख्य आयोजन 20 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में उद्घाटन, पुस्तकों का विमोचन तथा वार्षिक पुरस्कार एवं अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। द्वितीय सत्र में “स्मृति, आघात और चुप्पी : हिंदी कहानी में इक्कीसवीं सदी का यथार्थ” विषय पर विमर्श होगा। तृतीय सत्र में “लघुकथा : अतीत, आगत और अनंत” विषय पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय सर्वभाषा रचना पाठ का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न भाषाओं के रचनाकार अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।

सम्मेलन के पंचम सत्र में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें देश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी। समापन सत्र में प्रतिभागियों का सम्मान किया जाएगा। आयोजन समिति का मानना है कि यह सम्मेलन हिंदी साहित्य और भारतीय भाषाई संस्कृति के वैश्विक प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इच्छुक प्रतिभागी विस्तृत जानकारी एवं पंजीयन प्रक्रिया के लिए व्हाट्सएप नंबर 94241-82664 अथवा 98113-78777 पर संपर्क कर सकते हैं।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-