जबलपुर में पकड़ी गई नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप, 2 एमआर सहित 6 गिरफ्तार, एविल-बुप्रेनॉर्फिन का कॉम्बो बनाकर बेचते थे नशा

जबलपुर में पकड़ी गई नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप, 2 एमआर सहित 6 गिरफ्तार, एविल-बुप्रेनॉर्फिन का कॉम्बो बनाकर बेचते थे नशा

प्रेषित समय :14:54:53 PM / Sat, Jun 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में क्राइम ब्रांच व थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शनों का बड़ा जखीरा बरामद किया है. इस मामले में दो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपी जबलपुर के रहने वाले हैं और कम कीमत पर इंजेक्शन खरीदकर नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचते थे. पुलिस इस कारोबार के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है. आज आरोपियों के कब्जे से करीब 6,600 इंजेक्शन, एक ऑटो और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए.

बेलबाग थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश से रीवा, सतना और कटनी होते हुए बस के जरिए जबलपुर लाई गई है. यहां से इसे शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाना था. सूचना मिलने पर एसपी संपत उपाध्याय को अवगत कराया गया. इसके बाद एएसपी क्राइम जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई. पुलिस ने रामलीला मैदान के पास ई-रिक्शा क्रमांक रूक्क-20र्-ंङ्ग-7302 के साथ एक संदिग्ध युवक को देखा. पूछताछ के लिए रोकने पर वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दुर्गा पटेल (46) निवासी समता कॉलोनी, थाना गोहलपुर बताया. तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से तीन कार्टन और एक सफेद बोरी बरामद हुई. तीनों कार्टनों में 16-16 बॉक्स रखे थे. प्रत्येक बॉक्स में 25-25 शीशियांमिलीं. कुल 1,200 शीशियों की कीमत लगभग 26,400 रुपए आंकी गई. सफेद बोरी में 80 डिब्बे मिले. इनमें कुल 2,000 इंजेक्शन थे, जिनकी कीमत करीब 54,400 रुपए बताई गई. इस तरह दोनों प्रकार के कुल 3,200 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए, जिन्हें ई-रिक्शा समेत जब्त कर लिया गया.

पूछताछ में यूपी से सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा-

दुर्गा पटेल से नशीले इंजेक्शनों के संबंध में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गोहलपुर निवासी अमजद खान के कहने पर उसे खेप मोहम्मद आरिफ तक पहुंचानी थी. इसके बदले उसे पैसे मिलते थे. दुर्गा की निशानदेही पर पुलिस ने भानतलैया बढ़ई मोहल्ला रोड में दबिश देकर मोहम्मद आरिफ (32) निवासी ठक्कर ग्राम पचकुइया, हनुमानताल और अमजद खान (48) निवासी गाजी नगर झुग्गी-झोपड़ी, 10 नल को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों से पूछताछ में सैय्यद अशरफ अली और मदनमहल के गुलाटी पेट्रोल पंप क्षेत्र निवासी सौरभ नामदेव का नाम सामने आया. पुलिस के अनुसार, सौरभ नामदेव उत्तर प्रदेश से नशीले इंजेक्शन मंगवाकर अमजद खान और अन्य लोगों के माध्यम से उनकी सप्लाई करवाता था. मामले में सौरभ सोनकर अभी फरार है. आरोपियों के खिलाफ धारा 5/13 मप्र ड्रग्स कंट्रोल एक्ट तथा 8/21, 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.

आधारताल में 3,400 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक पकड़ाया-

आज बेलबाग पुलिस के साथ अधारताल थाना पुलिस ने भी नशीले इंजेक्शन बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया. मुखबिर की सूचना पर मिल्क स्कीम क्षेत्र में चार बोरियों के साथ खड़े एक युवक को पकड़ा गया. उसने अपना नाम गीतांशु साहू (25) निवासी बजरंग बाड़ा, आधारताल बताया. बोरियों की तलाशी लेने पर 3,400 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए. पूछताछ में गीतांशु ने बताया कि भानतलैया निवासी कल्लू दद्दा ने उसे ये इंजेक्शन बेचने के लिए रखवाए थे. पुलिस ने सभी इंजेक्शन जब्त कर आरोपी के खिलाफ मप्र ड्रग्स कंट्रोल एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.

मास्टरमाइंड और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी-

एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपी एविल और बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन का कॉम्बो तैयार कर सिरिंज के जरिए नशेडिय़ों को 300 से 500 रुपए में बेचते थे. पुलिस अब तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.

पुलिस गिरफ्त में आरोपी-

-दुर्गा पिता बेनीप्रसाद पटेल, उम्र 46 वर्ष, निवासी समता कॉलोनी, गोहलपुर
-मोहम्मद आरिफ पिता निसार अहमद, उम्र 32 वर्ष, निवासी ठक्कर ग्राम, पचकुइया, हनुमानताल.
-अमजद पिता गफ्फार खान, उम्र 48 वर्ष, निवासी गाजी नगर झुग्गी-झोपड़ी, 10 नल, गोहलपुर.
-सैय्यद अशरफ अली उर्फ जीजा उम्र 39 वर्ष, निवासी बंद कुआं, ओमती.
-सौरभ नामदेव पिता रमेश नामदेव, उम्र 45 वर्ष, निवासी गुलाटी पेट्रोल पंप के पास, मदनमहल.
-गीतांशु साहू पिता संतोष साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी बजरंग बाड़ा, आधारताल.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-