छत्तीसगढ़ : मतांतरण के खिलाफ फूटा गुस्सा, बस्तर के भरंडा में पादरी की धुनाई, एकजुट हुए ग्रामीण ने जताया रोष

छत्तीसगढ़ : मतांतरण के खिलाफ फूटा गुस्सा, बस्तर के भरंडा में पादरी की धुनाई, एकजुट हुए ग्रामीण ने जताया रोष

प्रेषित समय :12:00:14 PM / Tue, Jun 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के अंतर्गत नारायणपुर जिले के भरंडा गांव में मतांतरण के मुद्दे को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद की खबर है. हिंसक मारपीट और पथराव की घटना सामने आई है. पुलिस दो लोगों से पूछताछ कर रही है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोंडागांव और उसके आस-पास के अन्य इलाकों से कुछ बाहरी लोग भरंडा गांव पहुंचे थे. ये लोग स्थानीय स्तर पर एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन करा रहे थे. ग्रामीणों का आरोप है कि इस प्रार्थना सभा की आड़ में भोले-भाले आदिवासियों का मतांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था. बाहरी लोगों की इस गतिविधि की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीणों का दूसरा पक्ष वहां पहुंच गया और उन्होंने इस सभा का कड़ा विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.

पादरी आया था सहयोगियों के साथ

स्थानीय सूत्रों के अनुसार मतांतरण के उद्देश्य से पादरी और उसके सहयोगी गांव आए थे. विवाद बढ़ता देख पुलिस को सूचित किया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पादरी को सुरक्षा के बीच भरंडा थाने ले आई. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी थाने पहुंच गए.

आदिवासी समाज में बढ़ रही नाराजगी

हाल के महीनों में सुकमा जिले के सडरापाल और एर्राबोर क्षेत्र में भी प्रार्थना सभाओं एवं कथित मतांतरण गतिविधियों को लेकर विवाद सामने आए थे. भरंडा की घटना को भी आदिवासी समाज में बढ़ रही इसी नाराजगी की एक और कड़ी माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

गांव में पुलिस तैनात

पुलिस प्रशासन ने भरंडा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च किया है और ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है. वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-