जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो नागोरियान इलाके में मंगलवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. उसके बाद फैक्ट्री में जोरदार धमाके हुए. जिससे कम से कम तीन लगोों की मौत हो गई. जबकि पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वहीं पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं राहत बचाव अभियान शुरू कर दिया.
शुरुआती जांच में पता चला है कि घर के भीतर ही पटाखा फैक्ट्री चल रही थी. मंगलवार दोपहर आग लगने के बाद तेज धमाके होने लगे. जिससे इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाडिय़ां और सिविल डिफेंस के अलावा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. उसके बाद राहत बचाव अभियान चलाया गया.
तीन लोगों की मौत की पुष्टि
जयपुर के जिलाधिकारी संदेश नायक ने इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है. जबकि हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं. जिन्हें इलाज के लिए जयपुरिया अस्पताल और एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से तीन लोगों को एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. चिकित्सकों की मानें तो सभी पीड़ित 50 से 70 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं, ऐसे में उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
आग की तेज लपटों में फंस गए मजदूर
बताया जा रहा है कि पटाखा फैक्ट्री में लगी आग की लपटें इतने भीषण थी कि अंदर काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. जानकारी के मुताबिक, ये एक पटाखा निर्माण इकाई है, इसलिए जैसे ही आग लगी भीतर रखे बारूद और पटाखों में जोरदार धमाके शुरू हो गए. धमाकों की गूंज से इलाके में दहशत फैल गई. इसके साथ ही बचाव दल को भी परिसर में अंदर जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस दौरान स्थानीय लोग अपनी जान बचाकर इधर से उधर भागते नजर आए.
आग के बाद आसमान में छाया काले धुएं का गुबार
जयपुर के खो नागोरियान इलाके में स्थित पटाखा फैक्ट्री में लगी आग का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हादसे के बाद आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया. जो 2-3 किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था. जयपुर नगर निगम और मुख्य अग्निशमन केंद्र से भी दमकल की गाडिय़ों को तुरंत भेजा गया. साथ ही पानी के कई टैंकर मौके पर भेजे गए. इस दौरान दमकलकर्मियों ने कड़ी मेहनत से आग बुझाने की कोशिश की.

