एमपी: नरसिंहपुर में सड़क हादसा, फसल काटने जा रहे मजदूरों से भरा पिकअप पलटा, 19 लोग घायल

एमपी: नरसिंहपुर में सड़क हादसा, फसल काटने जा रहे मजदूरों से भरा पिकअप पलटा, 19 लोग घायल

प्रेषित समय :17:34:31 PM / Wed, Jun 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नरसिंहपुर. एमपी के नरसिंहपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर ढिगसरा तिराहे के पास बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. बरमान से मूंग की फसल काटने जा रहे मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे का कारण मोड़ पर अचानक वाहन का टायर फटना बताया जा रहा है. इस दुर्घटना में करीब 19 मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में कई लोगों को गंभीर चोट पहुंची हैं.

बताया जाता है कि बरमान क्षेत्र से महिला मजदूरों को लेकर एक पिकअप वाहन मूंग की कटाई के लिए ग्राम सागर की ओर स्थित ग्राम बिंदली जा रहा था. जैसे ही वाहन एनएच 44 पर ढिगसरा तिराहे के पास पहुंचा, तभी तेज गति में मोड़ पर उसका टायर फट गया. टायर फटते ही चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप बीच सड़क पर पलट गया. वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.

पिकअप में सवार थे 30 से 35 मजदूर

वाहन में सवार एक प्रत्यक्षदर्शी युवक ने बताया कि पिकअप में 30 से 35 मजदूर सवार थे. गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मजदूरों को निजी वाहनों के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में कुल 19 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें अधिकांश महिलाएं हैं.

घायलों में ज्यादातर महिलाएं शामिल

घायलों में महिलाओं की संख्या अधिक हादसे में घायल होने वालों में मुख्य रूप से कविता धानक, संगीता, बतिबाई, तुलसा बाई, यशोदा बाई, रागिनी बाई, अंजू बाई, शांतिबाई और कृष्णा बाई सहित अन्य महिलाएं शामिल हैं. सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. मामले में बरमान चौकी प्रभारी आशीष बोपचे ने बताया कि न तो डायल 112 पर कोई इवेंट आया और न ही 108 एम्बुलेंस को इसकी सूचना दी गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से तहरीर आने के बाद मामले को जांच में लिया जाएगा और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-