रांची. झारखंड में मानसून पूर्व मौसम के दौरान आकाशीय बिजली का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में कम से कम सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई इलाकों में लोगों में दहशत का माहौल है. मृतकों में तीन महिलाएं और एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक प्रभावित जिलों में रांची और गढ़वा रहे, जहां दो-दो लोगों ने अपनी जान गंवाई. रांची जिले के पिथोरिया थाना क्षेत्र के बड़हू गांव निवासी जीतू महली (55) और कटमकुली गांव की निराशा देवी (33) खेतों में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पिथोरिया थाना के अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. वहीं गढ़वा जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र के सुंडी गांव की रीना देवी (30) तथा केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी राम अवतार पाल (65) भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई.
इसके अलावा चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों में भी बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन अन्य लोगों की जान चली गई. लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और बिजली चमकने के दौरान सावधानी बरतें, ताकि जान-माल के नुकसान से बचा जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

