एमपी में बड़ा रेल हादसा: उदयपुर एक्सप्रेस में आग की अफवाह से पटरी पर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 5 की मौत

एमपी में बड़ा रेल हादसा: उदयपुर एक्सप्रेस में आग की अफवाह से पटरी पर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 5 की मौत

प्रेषित समय :18:40:01 PM / Sun, Jun 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई. घबराए कुछ यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और पटरियों पर उतर गए. इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कई यात्रियों की मौत हो गई.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. रेलवे और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है. घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट पर रेल यातायात प्रभावित हो गया है. अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है.जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम करीब 4 बजे उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी. ट्रेन के हेतमपुर स्टेशन के समीप पहुंचते ही किसी ने आग लगने की अफवाह फैला दी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.

चलती ट्रेन से कूदे यात्री पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए

घबराहट में कई यात्री चलती ट्रेन से नीचे कूद गए. उसी समय धौलपुर की ओर से मुरैना आ रही पातालकोट एक्सप्रेस मुख्य ट्रैक से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई. कई अन्य यात्रियों के घायल होने की भी सूचना है.

हादसे में 29 से ज्यादा यात्री घायल

हेतमपुर रेल हादसे में पांच यात्रियों की मौत की खबर है, वहीं 29 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की शुरुआत जानकारी मिली हैं. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका जताई जा रही है. रेलवे अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-