शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 2.27 करोड़ की ठगी, साइबर सेल ने भोपाल से आरोपी को दबोचा

शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 2.27 करोड़ की ठगी, साइबर सेल ने भोपाल से आरोपी को दबोचा

प्रेषित समय :16:06:00 PM / Sun, Jun 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर शहर की एक महिला से 2 करोड़ 27 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. साइबर सेल ने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. ग्वालियर निवासी आसिम अहमद सिद्दीकी को भोपाल से पकड़ा गया है. जांच में सामने आया है कि आरोपी भोपाल स्थित एक कार सर्विस सेंटर में मैनेजर के पद पर कार्यरत है और उसके बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेन-देन में किया गया था.

साइबर सेल द्वारा की जा रही जांच में खुलासा हुआ कि महिला से ठगी गई करोड़ों रुपये की राशि अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी. लेन-देन की पड़ताल के दौरान दो लाख रुपये की रकम आसिम अहमद सिद्दीकी के बैंक खाते में पहुंचने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने उसके बैंकिंग रिकॉर्ड और गतिविधियों की जांच शुरू की.

जांच के दौरान पता चला कि आसिम भोपाल में रह रहा है. पुलिस को उसकी पत्नी के साथ जिंसी चौराहा क्षेत्र में निवास करने की जानकारी मिली. इसके बाद साइबर सेल की टीम ने निगरानी बढ़ाई और भोपाल के खजुरी बायपास क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद जब उससे पूछताछ की गई तो कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं.

आसिम ने पुलिस को बताया कि उसने अपना बैंक खाता कमीशन के लालच में गंजबासौदा निवासी एक युवक को उपयोग के लिए दिया था. आरोप है कि वही युवक ऑनलाइन ठगी की रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराने का काम कर रहा था. खाते में होने वाले प्रत्येक लेन-देन के बदले आसिम को तय कमीशन दिया जाता था. इस तरह उसका बैंक खाता साइबर ठगी के नेटवर्क का हिस्सा बन गया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर अपराधी अक्सर ऐसे लोगों की तलाश करते हैं जो कमीशन या आर्थिक लाभ के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या अन्य बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करा देते हैं. बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर करने और जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए किया जाता है.

साइबर सेल अब उस युवक की तलाश में जुटी है, जिसने कथित तौर पर आसिम का बैंक खाता किराए पर लिया था. साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ठगी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस का मानना है कि पूछताछ से साइबर ठग गिरोह की कार्यप्रणाली और उसके अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं.

गौरतलब है कि महिला को शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर अधिक लाभ का झांसा देकर 2.27 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया था. मामले की जांच जारी है और पुलिस इस अंतरराज्यीय साइबर नेटवर्क के अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-